जंगल में बिछाई करंट तार की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

जशपुर – चौकी दोकड़ा क्षेत्र के बढ़नी झरिया जंगल में जंगली सूअर मारने के लिए बिछाई गई खुली करंट तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान दशरथ यादव (55), निवासी घेराघोघरा बैगा टोली के रूप में हुई है।
परिवार ने रिपोर्ट में बताया कि दशरथ यादव भैंसों की देखरेख के लिए जंगल गए थे और अगली सुबह जब लौटकर नहीं आए तो खोजबीन के दौरान वे मृत मिले। उनके पैर में बिजली खंभे से जुड़ी खुली तार चिपकी हुई थी। पुलिस ने मौके से 128 मीटर तार बरामद किया।
जांच में सामने आया कि गांव के ही नेहरू राम, अशोक पैंकरा, सदानंद चौहान और जगदीश कुजूर सहित अन्य आरोपियों ने जंगली सूअर पकड़ने के लिए 11 हजार वोल्ट लाइन से तार जोड़कर रास्ते में करंट बिछाया था।
चौकी दोकड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएस धारा 105 के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घटना गंभीर है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




