बिलासपुर में बनेगा 75 बिस्तरों का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट…..

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर जिले के स्वास्थ्य ढांचे को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। जिले में 75 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) बनाया जाएगा, जिसके निर्माण पर कुल 36 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत आएगी।
यह क्रिटिकल केयर यूनिट लगभग 6374 स्क्वायर मीटर क्षेत्रफल में तैयार किया जाएगा। परियोजना के तहत 24 करोड़ 25 लाख रुपये भवन निर्माण पर खर्च किए जाएंगे, जबकि 11 करोड़ 40 लाख रुपये अत्याधुनिक मेडिकल उपकरणों की खरीद पर व्यय होंगे। जिला अस्पताल के इस यूनिट के निर्माण से गंभीर और आपातकालीन मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी। खासकर एक्सीडेंट, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और अन्य जटिल बीमारियों के मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस परियोजना के पूरा होने के बाद बिलासपुर संभाग के मरीजों को बड़े शहरों की ओर रेफर करने की जरूरत कम होगी, जिससे समय और जान दोनों की बचत संभव हो सकेगी। कुल मिलाकर, 75 बिस्तरों का यह क्रिटिकल केयर यूनिट बिलासपुर के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य सौगात साबित होगा।




