ऑपरेशन निश्चय : 14 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऑपरेशन निश्चय के तहत रायपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने 14 किलो से ज्यादा गांजा के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जिनमें एक अंतर्राज्यीय तस्कर भी शामिल है।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट और देवेन्द्र नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर त्रिमूर्ति नगर इलाके में घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा गया।तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से कुल 14 किलो 357 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 17 हजार 850 रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अजय गड़पायले और दुर्जन निषाद बताए।
पुलिस के अनुसार अजय गड़पायले महाराष्ट्र के नागपुर का निवासी है, जबकि दूसरा आरोपी दुर्जन निषाद भिलाई का रहने वाला है। दोनों के खिलाफ देवेन्द्र नगर थाना में अपराध क्रमांक 250/25 के तहत धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




