सोशल मीडिया पर वंदे भारत की उड़ती खबर, रेलवे ने किया खंडन

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर से नई दिल्ली और मुंबई के लिए नई वंदे भारत ट्रेन शुरू होने की खबर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही है। फेसबुक, व्हाट्सएप और एक्स जैसे कई प्लेटफॉर्म पर लोग इस खबर को बिना पुष्टि किए साझा कर रहे हैं, जिससे लोगो के बीच उम्मीदों के साथ-साथ भ्रम की स्थिति बन गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बिलासपुर से सीधे नई दिल्ली और मुंबई के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस जल्द ही पटरी पर दौड़ेगी। कई पोस्ट्स में कथित समय-सारणी और रूट की जानकारी भी साझा की जा रही है, जिससे यात्री गुमराह हो रहे। जब इन दावों की ज़मीनी हकीकत की पड़ताल की गई, तो रेलवे प्रशासन ने ऐसी किसी भी योजना से साफ इनकार कर दिया।
इस संबंध में बिलासपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार ने स्पष्ट कहा कि फिलहाल बिलासपुर से नई दिल्ली और मुंबई के लिए किसी भी नई वंदे भारत ट्रेन को चलाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरें पूरी तरह झूठी और भ्रामक हैं।
रेलवे प्रशासन ने यह भी साफ किया कि यात्रियों को केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए। सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार के अनुसार, यदि भविष्य में कोई नई ट्रेन शुरू करने या किसी रूट में बदलाव का निर्णय लिया जाता है, तो उसकी जानकारी रेलवे बोर्ड और संबंधित रेल मंडल द्वारा आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल इस तरह की खबरों का कोई आधार नहीं है।
यात्रियों से कहा गया है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से सावधान रहें। साथ में रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि टिकट बुकिंग या यात्रा से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नोटिफिकेशन या अधिकृत स्रोत से ही जानकारी लें.




