सूखे नशे का खुला खेल, फ्लैट में नशा करते युवक-युवतियों का वीडियो हुआ वायरल.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : राजधानी रायपुर में सूखे नशे का जाल तेजी से फैलता नजर आ रहा है। नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बावजूद ड्रग्स की सप्लाई थमने का नाम नहीं ले रही। ताज़ा मामला अमलीडीह कॉलोनी इलाके से सामने आया है, जहाँ एक फ्लैट के भीतर ड्रग्स लेते हुए युवाओं का वीडियो वायरल हुआ है।
सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक-युवतियाँ टेबल पर नोट रखकर ड्रग्स की लाइन बनाकर नशा कर रहे हैं। वीडियो में एक युवती भी मौजूद है, जिसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को ब्लर किया गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अमलीडीह कॉलोनी के एक रिहायशी फ्लैट का है। राजधानी में पर्सनल ग्राहकों को चोरी-छिपे सूखा नशा सप्लाई किया जा रहा है। पुलिस अब तक इस नेटवर्क से जुड़े करीब 79 पैडलर्स को जेल भेज चुकी है, लेकिन इसके बावजूद नशे का कारोबार लगातार जारी है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वीडियो में दिख रहे युवाओं की पहचान की जा रही है और नशा सप्लाई करने वालों तक पहुंचने के लिए कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। राजधानी में खुलेआम चल रहे सूखे नशे के इस खेल पर आखिर कब पूरी तरह लगाम लगेगी?




