बिलासपुर

बिलासपुर में स्टेट GST की बड़ी कार्रवाई: 3 कोल कारोबारियों के कई ठिकानों पर रेड….

बिलासपुर में स्टेट जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के तीन बड़े कोल कारोबारियों के खिलाफ एक साथ छापेमारी की है। स्टेट जीएसटी कमिश्नर मुकेश बंसल के निर्देश पर रायपुर से आई टीम ने महावीर कोल वाशरी, फिल कोल और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन से जुड़े ऑफिस, घर, प्लांट और वाशरी समेत कुल 11 ठिकानों पर दबिश दी।

Advertisement

यह कार्रवाई 12 दिसंबर की सुबह शुरू हुई, जो देर रात तक चली। इस दौरान अधिकारियों ने तीनों कारोबारियों के लेन–देन, बिक्री और आय से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच के बाद महावीर कोल वाशरी की ओर से 10 करोड़ रुपये का टैक्स सरेंडर किया गया है, जबकि फिल कोल और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन के यहां जांच अभी भी जारी है। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई आज भी जारी रहेगी।

Advertisement

सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में कोयले की मिक्सिंग और अन्य प्रक्रियाओं में इनपुट टैक्स क्रेडिट की हेराफेरी के संकेत मिले हैं। टैक्स बचाने के लिए अलग–अलग तरीके अपनाए जा रहे थे, जिससे करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी की आशंका जताई जा रही है।

रेड के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारी इस मामले में फिलहाल कुछ भी कहने से बचते नजर आए। हालांकि, बताया जा रहा है कि ये तीनों कोल कारोबारी लंबे समय से स्टेट जीएसटी की सीधी निगरानी में थे। इनके कारोबार के तार देश के अलग–अलग राज्यों से जुड़े हुए हैं और कारोबार के अनुपात में टैक्स कम मिलने के बाद रायपुर की टीम ने सीधे बिलासपुर में कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने कोयले की मिक्सिंग में इस्तेमाल होने वाले तत्वों की खरीदी–बिक्री से जुड़ा पूरा ब्योरा जुटाया है, लेकिन फिलहाल मात्रा का मिलान नहीं हो पाया है। मात्रा का मिलान पूरा होने के बाद टैक्स चोरी के वास्तविक आंकड़े सार्वजनिक किए जाने की संभावना है।

बताया जा रहा है कि महावीर कोल वाशरी का संबंध अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और विक्की जैन के परिवार से भी जुड़ा हुआ है, जिससे यह मामला और ज्यादा चर्चा में है।

Related Articles

Back to top button