VIP रोड पर स्थित रजवाड़ा रेस्टोरेंट में गिरी फॉल सीलिंग, दो लोग गंभीर घायल….

राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित रजवाड़ा रिसॉर्ट में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। रिसॉर्ट के रेस्टोरेंट में उस वक्त अफरा–तफरी मच गई, जब खाना खा रहे लोगों पर अचानक भारी–भरकम फॉल सीलिंग भरभराकर गिर पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी अचानक हुई कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख–पुकार मच गई, वहीं रिसॉर्ट स्टाफ और मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। यह मामला माना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और रिसॉर्ट प्रबंधन से फॉल सीलिंग गिरने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन की ओर से भी हादसे की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर निर्माण में लापरवाही या रखरखाव में कमी की आशंका जताई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




