आजाद हिंद एक्सप्रेस में पैंट्री की लूट: बिक रहा गैर-अधिकृत पानी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – रेल यात्रियों से खुलेआम की जा रही लूट एक बार फिर सामने आई है। इस बार मामला हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस का है, जहाँ पैंट्रीकार में वेंडर अधिक कीमत पर न सिर्फ पानी बेच रहे हैं, बल्कि रेलवे द्वारा अप्रूव न किए गए ब्रांड भी यात्रियों को थमाए जा रहे हैं।
सोमवार रात लगभग 8:20 बजे सक्ती स्टेशन के पास चलती ट्रेन में सफर कर रहे बिलासपुर निवासी विनोद अग्रवाल ने वेंडर को रंगे हाथों पकड़ लिया। प्यास लगने पर जब उन्होंने पानी माँगा, तो वेंडर ने ‘केसर’ ब्रांड की बोतल थमा दी और 20 रुपये वसूल लिए। जबकि रेलवे की अधिकृत रेल नीर की कीमत सिर्फ 15 रुपये है।
केसर नाम का यह ब्रांड रेलवे के अप्रूव लिस्ट में नहीं है। बावजूद इसके, सत्यम केटरर के वेंडर इसे धड़ल्ले से बेच रहे हैं। ना रेट लिस्ट दिखाई जाती है, ना कोई बिल दिया जाता है। जब यात्री ने आपत्ति जताई तो वेंडर बिना जवाब दिए आगे बढ़ गया।
इस पूरे मामले की जिम्मेदारी हावड़ा जोन के आईआरसीटीसी पर आती है। ज़ोनल मैनेजर प्रवीण शर्मा ने स्वीकार किया है कि शिकायत उन्हें प्राप्त हुई है और इसे हावड़ा कार्यालय को अग्रेषित किया गया है। चूंकि ट्रेन की पैंट्री हावड़ा से ऑपरेट होती है, इसलिए वहीं से कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि ट्रेन की पैंट्री का ठेका सत्यम केटरर के पास है, जिसे हावड़ा से रेल नीर उपलब्ध कराना था। इसके बावजूद लोकल ब्रांड के पानी की बिक्री न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सेहत के साथ भी खिलवाड़ है।
एक बार फिर रेलवे की पैंट्री व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। ज़िम्मेदार कौन? और कब होगी ऐसी अव्यवस्थाओं पर रोक? ये सवाल अब जवाब चाहते हैं।



