जशपुर

पुलिस की कार्रवाई : 270 क्विंटल अवैध धान जब्त, दो ट्रक-दो पिकअप पकड़ाए

जशपुर – धान खरीदी सीजन में अवैध परिवहन पर सख्ती जारी रखते हुए जशपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। जिले के लोदाम, जशपुर, दुलदुला और तपकरा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने दो ट्रक और दो पिकअप से कुल 675 बोरी में भरा 270 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 21 हजार रुपये है। धान को झारखंड और उड़ीसा से लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश की जा रही थी।

Advertisement

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चल रही सघन कार्रवाई के तहत पुलिस टीमों ने रातभर सरहदी इलाकों में नाकाबंदी और पैट्रोलिंग की। इसी दौरान लोदाम और दुलदुला में नेशनल हाइवे 43 पर दो ट्रक पकड़े गए, जिनमें क्रमशः 300 और 250 बोरी धान लदा मिला। ड्राइवरों के पास किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिला।

Advertisement

इसी तरह तपकरा और जशपुर थाना क्षेत्रों में दो पिकअप वाहन पकड़े गए, जिनमें 65 और 60 बोरी धान लोड था। पूछताछ में चालकों ने धान को उड़ीसा और झारखंड से लाना बताया, लेकिन वे भी कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सके।

कुल मिलाकर चार वाहनों से जब्त धान को पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है। इससे पहले भी पुलिस 540 क्विंटल धान पकड़कर दे चुकी है।एसएसपी ने कहा कि “सरहदी राज्यों से अवैध धान लाने वालों पर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। धान कोचियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।”

Related Articles

Back to top button