जशपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, सफेमा कोर्ट का आदेश, गांजा तस्कर की अवैध संपत्ति हुई फ्रीज.

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गांजा तस्कर हीराधर यादव की ₹1.38 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज करवाई है। SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Act) कोर्ट, मुंबई के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।
हीराधर यादव लंबे समय से ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ व अन्य राज्यों में तस्करी करता था। जशपुर के अलावा सीतापुर में भी उस पर गांजा तस्करी के मामले दर्ज हैं। जशपुर पुलिस ने 2024 में उसे 27 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था।
आईजी अंकित गर्ग और एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सरगुजा रेंज में पहली बार SAFEMA कानून के तहत संपत्ति जब्त की गई है। जांच में सामने आया कि हीराधर ने तस्करी से अर्जित पैसे से ₹1.38 करोड़ की संपत्ति, जिसमें एक दोमंजिला मकान और पांच वाहन (कार, बाइक, ट्रैक्टर) शामिल हैं, खरीदी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि यह जशपुर में SAFEMA के तहत पहली कार्रवाई है और आगे भी अवैध नशा तस्करी में लिप्त अपराधियों पर इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।




