मुंगेली

शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों के दो गुट आमने-सामने, कलेक्टर को दिया ज्ञापन….

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले के ग्राम पंचायत बोदा में प्रस्तावित शासकीय शराब दुकान को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मामला उस वक्त चर्चा में आ गया जब मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जनदर्शन के दौरान एक ही गांव के दो अलग–अलग समूह शराब दुकान के पक्ष और विपक्ष में पहुंच गए। एक तरफ महिलाएं और छात्राएँ शराब दुकान का कड़ा विरोध कर रही हैं, तो दूसरी ओर सैकड़ों ग्रामीण इसके समर्थन में भी उतरे।

Advertisement

मुंगेली जनदर्शन में पहुंचे बोदा और आसपास के गांवों के लोगों के बीच इस मुद्दे को लेकर साफ बटवारा दिखाई दिया। सबसे पहले विरोध प्रदर्शन करने वालों की बात—सैकड़ों महिलाएँ, स्कूली छात्राएँ और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को आवेदन सौंपा। उनका कहना है कि यदि गांव में शराब दुकान खुलती है तो युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ेगी, घरेलू कलह बढ़ेगी और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हालात बिगड़ सकते हैं।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शराब दुकान खोलने का निर्णय लिया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

Advertisement

विरोध के ठीक सामने, कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण शराब दुकान खोलने के समर्थन में भी पहुंचे।
इन ग्रामीणों का तर्क है कि वैध दुकान खुलने से अनियंत्रित व अवैध शराब बिक्री पर रोक लगेगी।
साथ ही सरकारी दरों पर स्वच्छ शराब मिलने से लोगों को दूर–दराज के इलाकों में जाने की मजबूरी खत्म होगी। समर्थन करने वालों ने भी कहा कि अगर दुकान खोलने में देरी हुई तो वे भी आंदोलन पर विचार करेंगे।

रवि शंकर साय, जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि : ,“दोनों पक्षों ने जनदर्शन में आवेदन दिया है। जल्द ही दोनों पक्षों से चर्चा की जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।”

बोदा पंचायत में शराब दुकान को लेकर पूरा गांव दो हिस्सों में बंट गया है। एक तरफ महिलाएँ, छात्राएँ और ग्रामीण जो सामाजिक और पारिवारिक कारणों से विरोध जता रहे हैं, तो दूसरी ओर कई पंचायतों के लोग हैं जो वैध शराब दुकान के समर्थन में खड़े हैं।
अब प्रशासन के सामने दोनों पक्षों को संतुलित करते हुए निर्णय लेने की चुनौती है।

 

Related Articles

Back to top button