रविवार तड़के पुलिस की रेड, शराब, गांजा जब्त, तीन संदिग्ध गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा – थाना चांपा पुलिस ने आज सुबह मेहंदीपारा इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए अवैध नशा कारोबार पर कड़ा शिकंजा कसा है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और SDOP चांपा यदुमणी सिदार के नेतृत्व में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता की 15 सदस्यीय टीम ने सुबह-सुबह इलाके में घेराबंदी कर कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया।
जांच के दौरान एक महिला के कब्जे से 06 लीटर देशी महुआ शराब बिक्री करते हुए बरामद की गई, जिस पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
वहीं दूसरी टीम ने एक युवक को पकड़कर 1.5 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है।
छापेमारी के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को भी बस्ती में घूमते पकड़ा गया, जिन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के साथ उप निरीक्षक उपेंद्र मिश्रा, दादूरैया ठाकुर, बेलसज्जर लकड़ा, एएसआई बाबूलाल दिवाकर, प्रधान आरक्षक उदय पाटले, नर्सिंग बर्मन, पुष्पा साहू, आरक्षक वीरेश सिंह, शंकर राजपूत, चंद्रकांत बिजनेर, भूपेंद्र गोस्वामी, रूपनारायण बरेठ, जेकब तिर्की, शकुंतला नेताम और संगीता लहरे की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर बड़ी रोकथाम मानी जा रही है।




