एसपी ने किया कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण पर दिए सख्त निर्देश

जांजगीर-चांपा जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने गुरुवार को कोतवाली जांजगीर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत परेड से हुई, जहां उन्होंने थाना स्टाफ की कार्यकुशलता को परखा और गुंडा, निगरानीशुदा एवं आदतन बदमाशों की गतिविधियों, लंबित प्रकरणों तथा अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। संतोषजनक प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसपी पाण्डेय ने सीसीटीएनएस, मालखाना, शस्त्रागार, अभिलेख संधारण और लंबित मामलों की गहन जांच की। उन्होंने सीसीटीएनएस को आधुनिक पुलिसिंग की रीढ़ बताते हुए सभी प्रकरणों की ऑनलाइन अपडेटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने, महिला एवं संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने अवैध शराब, गांजा और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा गुंडा-निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचकों को वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, समयबद्ध विवेचना और न्यायालयीन कार्रवाई को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।




