वन भूमि पर हुए अतिक्रमण पर वन विभाग की कार्यवाई….

जांजगीर-चांपा जिले में वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बलौदा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आर.एफ. 55 कटरा परिसर में वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने अतिक्रमण हटाते हुए जमीन को मुक्त कराया।
वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी एस.पी. राठिया के नेतृत्व में टीम ने मौके पर बने अवैध झोपड़ियों और झालों को हटवाया। विभाग ने कुल 0.614 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। मौके पर निवासरत लोगों को समझाइश दी गई और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रेरित किया गया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी एस.पी. राठिया ने बताया कि वन भूमि पर कब्जा करना वन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, और विभाग समय-समय पर ऐसी कार्रवाई करता रहेगा।
इस अभियान में उड़नदस्ता प्रभारी टेकराज सिंह सिदार, वनरक्षक अशोक सोनी, अभिषेक कुर्रे समेत पूरा वन अमला मौजूद रहा। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वन भूमि पर अवैध कब्जा या निर्माण से बचें और वन संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहयोग करें।




