बीजेपी के यूनिटी मार्च में भिड़े दो नेता, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – बीजेपी के यूनिटी मार्च के दौरान एकता की जगह विवाद का नज़ारा देखने को मिला। कार्यक्रम में मंच साझा करने आए दो बड़े नेताओं के बीच सरेराह तीखी नोकझोंक हो गई। मामला इतना बढ़ा कि केंद्रीय मंत्री को खुद बीच-बचाव करना पड़ा।
बिलासपुर में मंगलवार को बीजेपी ने यूनिटी मार्च का आयोजन किया था। मार्च की शुरुआत तिफरा से हुई थी। इसमें केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक सहित कई विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए थे। लेकिन जैसे ही मार्च शुरू हुआ, बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला और प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे के बीच विवाद हो गया।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के साथ फर्स्ट लाइन में चलने को लेकर दोनों नेता आपस में भिड़ गए, हर्षिता पांडे मंत्री के बगल में खड़ी होकर चलने लगीं, जिससे विधायक सुशांत शुक्ला को जगह नहीं मिली और वे सेकेंड लाइन में चले गए। थोड़ी दूर जाने के बाद जब सुशांत शुक्ला दोबारा फर्स्ट लाइन में आने लगे, तो हर्षिता पांडे भड़क उठीं। दोनों के बीच सरेराह नोकझोंक शुरू हो गई।
इस दौरान दोनों एक-दूसरे को देख लेने की बात कहते रहे। मामला बढ़ता देख केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक को बीच-बचाव करना पड़ा। काफी समझाइश के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन यूनिटी मार्च के मंच पर हुए इस विवाद ने बीजेपी की अंदरूनी खींचतान को एक बार फिर उजागर कर दिया। पार्टी के भीतर सियासी टकराव अब खुलकर सामने आने लगा है। फिलहाल, मामले को शांत कराने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस घटना की चर्चा जोरों पर है। एकता दिखाने के लिए निकला यूनिटी मार्च, लेकिन सरेराह हुई इस नोकझोंक ने बीजेपी की एकता पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पार्टी इस विवाद को कैसे संभालती है।




