सूटकेस में मिली लाश, पत्नी पर हत्या का आरोप, तलाश जारी…..

जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के भिंजपुर गांव में सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के एक घर से एक व्यक्ति की लाश सूटकेस में बंद मिली है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी पर हत्या का शक जताया है और उसे मुख्य आरोपिया के रूप में चिन्हित किया है। फिलहाल महिला फरार है और उसकी तलाश में पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना की गई है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक संतोष भगत और उसकी पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। घटना से पहले दोनों में झगड़ा हुआ था, जिसकी आवाज फोन पर उनकी बेटी ने भी सुनी थी। अगले दिन पत्नी ने बेटी को फोन कर बताया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है और शव को सूटकेस में बंद कर दिया है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी में लाल रंग के ट्रॉली सूटकेस से संतोष भगत का शव बरामद किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी महिला की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही गिरफ्तारी के बाद हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।




