पुलिस की गिरफ्त में आया फरार सूदखोर वीरेंद्र सिंह तोमर, ग्वालियर से लाया गया रायपुर

रायपुर – कई महीनों से फरार सूदखोर वीरेंद्र सिंह तोमर को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया है। मध्यप्रदेश पुलिस की मदद से रायपुर पुलिस ने ग्वालियर से उसे गिरफ्तार किया और आज सुबह रायपुर लेकर पहुँची।
हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर लंबे समय से रायपुर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। सूदखोरी, ब्लैकमेलिंग, जमीन कब्ज़ा, मर्डर जैसे संगीन मामलों में आरोपी वीरेंद्र जून से फरार था। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्वालियर में दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लिया। मध्यप्रदेश पुलिस के सहयोग से छत्तीसगढ़ पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम वीरेंद्र तोमर को रायपुर लेकर आई है। पहले उसे क्राइम ब्रांच में रखा गया और फिर पूछताछ के लिए पुरानी बस्ती थाने ले जाया गया। पुलिस अब कुछ देर में उसे विशेष न्यायालय में पेश करेगी।
वहीं इस मामले का दूसरा आरोपी रोहित तोमर अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। लंबे समय से फरार इस कुख्यात सूदखोर की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस पूछताछ में वीरेंद्र सिंह तोमर से कौन-कौन से नए राज़ सामने आते हैं।




