रायपुर

विदेशी मुद्रा के नाम पर 19 लाख की ठगी, पश्चिम बंगाल का आरोपी गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में विदेशी मुद्रा के नाम पर टूर एंड ट्रैवल्स व्यवसायी से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पश्चिम बंगाल के हावड़ा का रहने वाला है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 19 लाख रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से नगदी और आईफोन भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक तेलीबांधा थाना क्षेत्र के गुरुनानक नगर निवासी हरदीप सिंह होरा टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करते हैं। 1 मार्च को उन्हें व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने अपना नाम हर्षित अग्रवाल बताते हुए अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग कराने की बात कही।

Advertisement

इसके बाद आरोपी ने 2 मार्च को प्रार्थी को करेंसी टॉवर स्थित जेनेट को-वर्किंग स्पेस बुलाया और विदेशी मुद्रा के बदले भारतीय रकम देने का झांसा दिया। प्रार्थी 18 हजार यूएस डॉलर और 2 हजार जीबीपी लेकर वहां पहुंचा, जिसकी भारतीय कीमत करीब 19 लाख 47 हजार रुपये थी। इसी दौरान आरोपी नोट गिनने की मशीन लाने का बहाना बनाकर वहां से फरार हो गया।

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पश्चिम बंगाल के हावड़ा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम प्रोसेनजित चक्रवर्ती है, जो पहले भी मुंबई के बांद्रा थाना में ठगी के मामले में आरोपी रह चुका है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 लाख 50 हजार रुपये नकद और एक आईफोन जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Related Articles

Back to top button