एक ही ट्रैक पर तीन ट्रेनों का वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल, रेलवे ने दी सफाई….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर रेल मंडल से जुड़ी एक खबर सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही थी, दावा किया जा रहा था कि “एक ही ट्रैक पर तीन ट्रेनें आने से बड़ा हादसा टल गया।” लेकिन अब रेलवे ने इस खबर को पूरी तरह भ्रामक और बेबुनियाद बताया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ ने स्पष्ट किया है कि जयरामनगर से कोटमीसोनार रेलखंड ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली से लैस है, जहाँ ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह स्वचालित और सुरक्षित होती है।

रेलवे के मुताबिक़, इस प्रणाली में हर एक किलोमीटर पर सिग्नल लगाए जाते हैं, और प्रत्येक सिग्नल के बाद अगली ट्रेन चल सकती है। यही वजह है कि एक ही ट्रैक पर एक के पीछे एक ट्रेनें संचालित होती हैं — लेकिन ये सामान्य और सुरक्षित प्रक्रिया है।
सीपीआरओ ने कहा कि इस रेलखंड में यह ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली वर्ष 2023 से लागू है, और अब तक यह बिना किसी खतरे के सुचारू रूप से काम कर रही है।
रेलवे ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें, और बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर फॉरवर्ड करने से बचें।




