मॉल में महिला से छेड़छाड़ और पुलिस से मारपीट करने वाले पाँच आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग – स्मृति नगर स्थित सूर्या ट्रेजर मॉल में एक महिला के साथ छेड़छाड़ करने और पुलिस कर्मियों से मारपीट करने के मामले में सुपेला थाना पुलिस ने पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना 22 अक्टूबर 2025 की है, जब पीड़िता अपने परिवार के साथ पीवीआर सिनेमा में फिल्म देखने पहुंची थी। इस दौरान आरोपी सुजीत साव ने महिला से छेड़छाड़ की। जब पीड़िता के पति और बेटे ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अपने अन्य रिश्तेदारों को बुलाकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
सूचना पर मौके पर पहुँची स्मृति नगर पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपीगण ने पुलिस कर्मचारियों से भी हाथापाई कर दी और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, थाना प्रभारी विजय कुमार यादव और उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुजीत साव (49 वर्ष) सहित उसके साथियों — सुजीत कुमार, शिवपूजन कुमार, सागर साव और जिगर साव को गिरफ्तार किया।
सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु, प्रआर जितेंद्र कुशवाहा, अशीष सिंह, आरक्षक कमल नारायण, अनिकेत चंद्राकर, और सत्यानारायण सिन्हा की सराहनीय भूमिका रही।




