नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड से पहले पति, ससुराल वालों पर प्रताड़ना का लगाया आरोप, वीडियो वायरल

रायपुर – डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मनीषा गोस्वामी के रूप में हुई है। उसका शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला।
घटना बुधवार, 22 अक्टूबर की है। बताया जा रहा है कि फांसी लगाने से पहले मनीषा ने अपने मोबाइल से एक मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने पति, देवर और सास-ससुर पर लगातार प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
वीडियो में मनीषा कहती नजर आ रही है कि — “मेरे पति ने दो बार हाथ उठाया है, सास हमेशा बेटे का साथ देती है, और मैं अब तंग आ चुकी हूं।” उसने बताया कि उसकी शादी 25 जनवरी को हुई थी और 10 महीनों में उसे एक भी दिन सुकून नहीं मिला।
परिजनों के अनुसार, आत्महत्या से ठीक पहले पति-पत्नी के बीच टीवी बंद करने और मोबाइल रख देने की बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद पति कमरे से बाहर चला गया, और कुछ देर बाद पत्नी फंदे से लटकी मिली।
पुलिस के मुताबिक, महिला के हाथ में कटने के निशान भी पाए गए हैं। फिलहाल डीडी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटना का वीडियो 23 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मृतका के पिता ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




