रिवर व्यू में मारपीट का वीडियो वायरल, दोनों पक्षों पर मामला दर्ज, दो नाबालिग शामिल

बिलासपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रिवर व्यू इलाके में बीती रात दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था, इसी दौरान लाला राजक और संदीप कश्यप अपनी मोटरसाइकिल से आए और अश्लील गाली-गलौज करने लगे।
गाली-गलौज का विरोध करने पर प्रार्थी के साथ मौजूद नागेश बंजारे और कुछ विधि से संघर्षरत बालकों के बीच लाला राजक और संदीप कश्यप की कहासुनी मारपीट में बदल गई।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। लाला राजक की शिकायत पर नागेश बंजारे और विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ अपराध क्रमांक 1265/25 दर्ज किया गया है। उन पर धारा 126(2), 296, 351(2), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, सार्थी खरे की रिपोर्ट पर लाला राजक और संदीप कश्यप के खिलाफ भी यही धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस ने बताया कि मारपीट में शामिल दोनों पक्षों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
घटना में सम्मिलित दो युवक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) हैं, जिनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
मारपीट के दौरान युवकों को पैरों में चोटें आईं, जिससे वे चलने में असमर्थ हो गए थे। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण और उपचार कराया है।




