वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में पुलिस की बड़ी रेड, फार्म मालिक मनीष शर्मा समेत 8 जुआरी गिरफ्तार

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रही हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर छापा मारा है। कार्रवाई में फार्म हाउस संचालक समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से लाखों रुपए की नगदी, मोबाइल और चार पहिया वाहन जब्त किए हैं।
जानकारी के मुताबिक सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में दबिश दी। यहां लंबे समय से जुआ खेलने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। छापेमारी के दौरान मौके पर कई लोग जुआ खेलते पकड़े गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस मालिक समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह, मुन्ना गोयल, विकास सिंह, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल, चंद्रकिशन अग्रवाल और मयंक सोनकर शामिल हैं।मौके से पुलिस ने तीन लाख अस्सी हजार रुपए नगद, 11 मोबाइल फोन और पांच चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।फार्म हाउस में चल रहे इस हाईप्रोफाइल जुए के खुलासे के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच में जुट गई है। वहीं इस कार्रवाई को बिलासपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।




