रायपुर

शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश नाकाम, हत्या के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर – खमतराई थाना क्षेत्र में हुई हत्या के अंधे कत्ल का खुलासा हो गया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने एक युवक की गला दबाकर हत्या की और फिर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी।

Advertisement

10 सितंबर को खमतराई क्षेत्र के उरकुरा रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवक की मौत गला दबाने और सिर पर चोट लगने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Advertisement

 

मृतक की पहचान बिहार के बक्सर निवासी 27 वर्षीय ओमकार ओझा के रूप में हुई, जो कुम्हारी में रहकर ई-रिक्शा चलाता था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की मदद से आरोपियों को चिन्हांकित किया।

 

पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन मृतक शराब के नशे में महिला से विवाद कर रहा था। इसी बीच आरोपियों ने ओमकार के साथ जमकर मारपीट की और फिर उसे ई-रिक्शा में ले जाकर तालाब के पास बुलाए गए साथियों के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रेलवे पटरी पर रख दिया गया ताकि मामला आत्महत्या लगे।

 

गिरफ्तार आरोपी हैं :

1. भानू दास मानिकपुरी
2. पीकेश मानिकपुरी
3. कमलेश दास
4. संजय निषाद

 

सभी आरोपी खमतराई थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। जबकि एक अन्य आरोपी अजय दास मानिकपुरी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

 

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, ई-रिक्शा और घटना में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद कर लिया है। इस पूरे मामले में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button