नवरात्रि पर केंद्रीय जेल रायपुर में आयोजित हुई भव्य दुर्गा पूजा, 802 बंदियों ने किया व्रत और आराधना.

रायपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर इस वर्ष भी केंद्रीय जेल रायपुर में भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया। जेल में बंद मूर्तिकार बंदियों ने विशेष मेहनत से मॉ दुर्गा की आकर्षक मूर्तियां तैयार कीं, जिन्हें देखकर सभी बंदी और जेल अधिकारी मंत्रमुग्ध हो उठे।
इस पावन पर्व पर कुल 802 बंदियों ने मॉ दुर्गा की उपासना हेतु व्रत रखा और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। जेल परिसर भक्ति और धार्मिक उल्लास से गूंज उठा।
जेल प्रशासन ने इस आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए। बंदियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ दुर्गा माता की आराधना की, जिसमें भजन, आरती और धार्मिक अनुष्ठान शामिल थे।
जेल अधिकारियों का कहना है कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम बंदियों में मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा लाने में सहायक होते हैं। इस भव्य आयोजन ने न केवल जेल के माहौल को भक्तिपूर्ण बनाया, बल्कि बंदियों को अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से जोड़ने का अवसर भी प्रदान किया।




