एसीबी की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, NTPC उप महाप्रबंधक 4.50 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार…..

(आशीष मौर्य संपादक) : रायगढ़ – एसीबी ने इतिहास की सबसे बड़ी रिश्वतखोरी की कार्रवाई को अंजाम दिया है। एनटीपीसी तिलाईपाली के उप महाप्रबंधक विजय दुबे को साढ़े चार लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला रायगढ़ जिले के घरघोड़ा का है। जानकारी के मुताबिक ग्राम तिलाईपाली निवासी सौदागर गुप्ता ने एसीबी इकाई बिलासपुर को शिकायत दी थी। उनका आरोप था कि पुनर्वास मुआवजे की राशि दिलाने के नाम पर उप महाप्रबंधक विजय दुबे उनसे 5 लाख रुपए रिश्वत मांग रहा है।
पहले ही 50 हजार रुपए ले चुके अधिकारी ने शेष 4.50 लाख की डिमांड की थी। शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय समय पर गोमती पेट्रोल पंप, घरघोड़ा के पास आरोपी ने अपनी कार में ही शिकायतकर्ता से 4.50 लाख रुपए ले लिए।जैसे ही रकम उसके हाथ में आई, एसीबी की टीम ने घेराबंदी कर विजय दुबे को पकड़ लिया और मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से अब तक की यह सबसे बड़ी राशि का ट्रैप है। एसीबी सूत्रों के मुताबिक आरोपी की अन्य संपत्तियों की भी जांच की जाएगी। वहीं बीते एक साल में रायगढ़ जिले में यह आठवीं बड़ी ट्रैप कार्रवाई है।एसीबी का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।




