जादुई कलश के नाम पर करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

जशपुर पुलिस ने जादुई कलश के नाम पर हजारों ग्रामीणों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आर.पी. ग्रुप नाम की फर्जी कंपनी चलाने वाले चार आरोपियों – राजेंद्र कुमार दिव्य, तुरेंद्र उर्फ मनीष दिव्य, प्रकाश चंद्र धृतलहरे और उपेंद्र कुमार सारथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी ग्रामीणों को यह झांसा देते थे कि कोरबा जिले में मिला एक “जादुई कलश” विदेश में अरबों में बिकेगा और कंपनी से जुड़ने पर हर सदस्य को 1 से 5 करोड़ का मुनाफा मिलेगा। इस लालच में हजारों लोग कंपनी से जुड़े और सिक्योरिटी मनी व प्रोसेसिंग फीस के नाम पर लाखों रुपए जमा कर दिए। अब तक करीब 1 करोड़ 94 लाख रुपए की ठगी का खुलासा हो चुका है और रकम और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने सरगुजा, जशपुर, कोरबा, रायगढ़ और बिलासपुर के ग्रामीणों से ठगी की थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से जरूरी दस्तावेज, एक कार और मोबाइल जब्त किए हैं। मामले में दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह मामला ग्रामीणों से की गई करोड़ों की ठगी से जुड़ा है, पुलिस की जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




