नशे के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई: 8 पेडलर्स गिरफ्तार, अब तक 1 करोड़ की हेरोइन बरामद, 19 आरोपी पुलिस के शिकंजे में

रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) सप्लाई नेटवर्क में पेडलिंग का काम करने वाले 8 पेडलर्स को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना टिकरापारा में दर्ज नारकोटिक एक्ट के प्रकरण के तहत की गई। इस मामले में पहले ही पंजाब निवासी अंतर्राज्यीय तस्करों समेत 11 आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जिससे अब तक इस नेटवर्क से जुड़े कुल 19 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 8 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इससे पहले 4 अगस्त को एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क में शामिल 9 आरोपियों को दबोचा था। उनके पास से 1 करोड़ रुपये कीमत की 412.87 ग्राम हेरोइन, एक क्रेटा कार (सीजी/04/क्यूएच/7491), मोबाइल फोन, तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, हेरोइन पीने में इस्तेमाल जला हुआ नोट, एटीएम कार्ड और चेकबुक बरामद की गई थी।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और जब्त दस्तावेजों के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हेरोइन के स्थानीय सप्लायरों की पहचान की। इसके बाद दबिश देकर 8 पेडलर्स को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार पेडलर्स के नाम:
- मुजम्मिल खान उर्फ बाबा (रायपुर)
- छत्रपति अम्भोरे उर्फ ददु (रायपुर)
- रितुराज ठाकुर (बिहार मूल, रायपुर में निवासरत)
- हुसैन खान उर्फ मुर्गी (रायपुर)
- मोहम्मद फोरात अब्बास (रायपुर)
- शिशिर राय (मध्यप्रदेश मूल, रायपुर में निवासरत)
- संतोष धनवानी (रायपुर)
- सैय्यद आसीफ अली (रायपुर)
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।




