मंदिर में लाखों की चोरी…..

रायगढ़ से एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शहर के बीचोंबीच स्थित प्रसिद्ध श्री श्याम मंदिर में बीती रात चोरी हो गई। चोरों ने भगवान श्याम का कीमती मुकुट, चांदी की छतरी, दान पेटी में रखे नकद रुपये और कई धार्मिक सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात ने न सिर्फ शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंचाई है।
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों ने इस पूरी घटना को रिकॉर्ड कर लिया है। फुटेज के मुताबिक, चोर रात 1:25 बजे मंदिर में दाखिल हुआ और 1:35 बजे बाहर निकल गया। यानी सिर्फ 10 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
बताया जा रहा है कि मंदिर के पीछे नाले के निर्माण के लिए तोड़ी गई दीवार से ही चोरों ने अंदर प्रवेश किया और उसी रास्ते से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी, कोतवाली थाना प्रभारी और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। शहरभर में चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रारंभिक अनुमान है कि चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है… उम्मीद की जा रही है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




