छट्ठी कार्यक्रम में मामूली विवाद ने ली जान, युवक ने वृद्ध की तलवार से की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में छट्ठी कार्यक्रम में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक वृद्ध की हत्या कर दी गई। घटना के 24 घंटे के भीतर खरसिया पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 3 जुलाई की रात की है, जब खरसिया के ग्राम तुरेकेला में संपत खड़िया के घर छट्ठी कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में गांव के कई लोग शामिल थे। उसी दौरान अर्जुन खड़िया और जगन्नाथ खड़िया के बीच हंसी-मजाक में विवाद हो गया।
विवाद बढ़ता इससे पहले ही मौजूद बुजुर्ग केन्दाराम खड़िया और अन्य ग्रामीणों ने समझाइश देकर मामला शांत करा दिया। लेकिन अर्जुन खड़िया गुस्से में वहां से चला गया और थोड़ी देर बाद तलवार लेकर वापस लौटा।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों को धमकाते हुए जब केन्दाराम ने उसे दोबारा समझाने की कोशिश की….तभी अर्जुन ने मौका पाकर पीछे से हमला कर दिया। तलवार से वार इतना घातक था कि 65 वर्षीय केन्दाराम की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी राजेश जांगड़े के नेतृत्व में टीम ने आरोपी अर्जुन सिंह खड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली है। आज आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई को एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन व एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में निरीक्षक राजेश जांगड़े, उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। फिलहाल खरसिया पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।




