मुंगेली पुलिस की बड़ी सफलता: सिर्फ 8 घंटे में लापता 4 नाबालिक छात्राओं को किया रेस्क्यू.

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले से एक राहत देने वाली बड़ी खबर सामने आई है। ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत मुंगेली पुलिस ने केवल 8 घंटे में 4 लापता नाबालिक छात्राओं को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
ग्राम पेतूलकप की ये चारों छात्राएं – भूमिका राजपूत, पायल अनंत, पंच कुमारी और आरुषि राजपूत – गुरुवार, 4 जुलाई को स्कूल से घर लौटते वक्त लापता हो गई थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर एक विशेष रेस्क्यू टीम गठित की गई।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए सरगांव, पथरिया से लेकर बिलासपुर और रायपुर हाइवे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। बिलासपुर बस स्टैंड क्षेत्र में तैनात टीम ने चारों बालिकाओं को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
इस ऑपरेशन में साइबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर और उनकी टीम की तकनीकी दक्षता बेहद अहम रही। मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संभावित इलाकों की पहचान कर रेस्क्यू को सफल बनाया गया।
थाना सरगांव और पथरिया की टीमों ने भी रातभर सर्च अभियान चलाकर ऑपरेशन को सफलता दिलाई। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने भी पुलिस व प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर तत्परता दिखाई।
बालिकाओं के मिलते ही परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। वहीं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा – “यह सिर्फ एक रेस्क्यू नहीं, समाज के विश्वास की रक्षा है।




