नशा मुक्ति पखवाड़े का समापन, 5 हजार से ज्यादा लोगों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ

जशपुर पुलिस द्वारा “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत चलाए जा रहे जागरूकता पखवाड़े का समापन अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के मौके पर 26 जून को किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले भर में पुलिस ने व्यापक स्तर पर नशा विरोधी कार्यक्रमों का आयोजन कर हजारों नागरिकों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 15 दिवसीय पखवाड़े के दौरान पुलिस ने बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों में विशेष अभियान चलाकर 5,546 नागरिकों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई, वहीं 2,032 लोगों को नशा मुक्ति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों जैसे पत्थलगांव, बगीचा, कोतबा, दुलदुला, कुनकुरी, आस्ता, कांसाबेल और अन्य क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सबसे ज्यादा 1,251 लोगों को बगीचा थाना क्षेत्र में शपथ दिलाई गई।
जशपुर पुलिस का यह कदम समाज को नशे से मुक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। अभियान के दौरान जागरूकता, शपथ और प्रमाण पत्र वितरण जैसी गतिविधियों से समाज में सकारात्मक संदेश गया है।




