जांजगीर-चाम्पा

जांजगीर-चांपा में अवैध रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा वार, 87 वाहन जब्त, 4200 घन मीटर रेत पकड़ी गई

 

Advertisement

जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं की कमर तोड़ दी है। जिला प्रशासन, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीमों ने 10 घंटे चली छापेमार कार्रवाई में कुल 87 वाहन जब्त किए, जिनमें 77 ट्रैक्टर, 9 हाईवा और 1 जेसीबी शामिल हैं।

Advertisement

थाना जांजगीर क्षेत्र के ग्राम भादा में 4200 घन मीटर अवैध रेत का भंडारण पाए जाने पर उस पर भी विधिवत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के लिए जिले में 9 टीमें गठित की गई थीं, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया था।

कोरबा, शक्ति, बलौदा बाजार और बिलासपुर सीमाओं पर नाकेबंदी कर अवैध परिवहन पर सख्त निगरानी रखी गई। कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 के तहत की गई है।

इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने किया, जिसमें राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की टीमों ने अहम भूमिका निभाई। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Related Articles

Back to top button