इंदू चौक ट्रांसफार्मर की क्षमता में इजाफा, 10 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने एक और अहम कदम उठाया है। इंदू चौक स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र में पॉवर ट्रांसफार्मर की क्षमता को बढ़ाते हुए अब इसे 10 एमवीए कर दिया गया है। इस कार्य से करीब 10 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
बिलासपुर के इंदू चौक उपकेन्द्र में अब 5 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। इस कार्य पर 70 लाख रुपये की लागत आई है। पहले यहां की कुल क्षमता 8.15 एमवीए थी, जो अब बढ़कर 10 एमवीए हो गई है। नगर संभाग नेहरू नगर के कार्यपालन अभियंता सैय्यद मुख्तार ने जानकारी दी कि इस क्षमता वृद्धि से मगरपारा, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, श्रीराम मार्केट, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड और एलआईसी ऑफिस रोड के उपभोक्ताओं को अधिक गुणवत्ता वाली और बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलेगी। इस ट्रांसफार्मर के शुभारंभ के अवसर पर बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्ट ने स्विच दबाकर विद्युत आपूर्ति की शुरुआत की। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता पी.आर. साहू समेत इंजीनियरिंग टीम को उनके सफल प्रयासों के लिए सराहा गया।
ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि से अब इंदू चौक उपकेन्द्र के तहत आने वाले हजारों उपभोक्ताओं को गर्मी के इस मौसम में राहत मिलेगी और लोड ट्रिपिंग की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है।




