दो कारों से 105 किलो गांजा जब्त, 3 अंतर्राज्यीय तस्कर पकड़े गए….

रायगढ़ पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जूटमिल थाना पुलिस ने दो कारों से 105 किलो गांजा जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में यूपी के झांसी निवासी रविशंकर गौतम, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के विरेन्द्र सिंह और रायगढ़ के दीपक जोहरी शामिल हैं।
एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देश पर डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के पर्यवेक्षण में साइबर सेल व जूटमिल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़माल के पास दो कारों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 103 पैकेट गांजा मिला। बरामद गांजे की कीमत 21 लाख रुपये आंकी गई है, साथ ही 23 लाख की दो कारें और 85 हजार रुपये के चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। इनमें से दो आरोपियों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार दो अन्य तस्करों की तलाश जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करों में हड़कंप मच गया है।




