फिर कुएं में गिरा हाथी का शावक….

रायगढ़ जिले में दो दिनों के भीतर दूसरी बार हाथी के बच्चे के कुएं में गिरने की घटना सामने आई है। ताजा मामला खरसिया वन परिक्षेत्र के तेन्दुमुड़ी बीट के गुर्दा सर्किल का है, जहां आज सुबह 4 से 5 बजे के बीच एक हाथी का शावक गहरे कुएं में जा गिरा।
हाथी के चिंघाड़ने की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बताया जा रहा है कि इलाके में हाथियों का एक बड़ा दल विचरण कर रहा है, और शावक उसी दल का हिस्सा था। पत्ते खाने के दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर जेसीबी लेकर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले भी घरघोड़ा रेंज के चारमार जंगल में ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां ग्रामीणों और विभाग की मदद से हाथी के शावक को सकुशल बाहर निकाला गया था। उस बचाव अभियान में जेसीबी को सूंड़ से छूकर हाथी शावक ने जैसे धन्यवाद जताया था, वह दृश्य अब भी लोगों के जेहन में ताजा है।




