नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवती से 3 लाख 38 हजार 500 रुपये ठगने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने जशपुर से गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक आरोपी हरीश मिश्रा ने संविदा नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाकर फरवरी से मार्च 2026 के बीच पीड़िता से नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम ली। लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने पर वह लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में आरोपी ने “कॉल मी सर्विसेस” नामक संस्था का एक नियुक्ति पत्र भी पीड़िता को सौंप दिया।
जब पीड़िता दस्तावेज लेकर कलेक्ट्रोरेट रायगढ़ पहुंची तो जांच में नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी निकला। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतरारोड़ में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जशपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने रकम लेने और फर्जी नियुक्ति पत्र बनवाने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले श्रम विभाग रायगढ़ में भृत्य के पद पर कार्यरत रह चुका है, रायगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने, सरकारी भर्ती कराने या प्रभाव का झांसा देकर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें। किसी भी नियुक्ति प्रक्रिया की जानकारी केवल अधिकृत शासकीय माध्यमों से ही प्राप्त करें।




