जशपुर

बगैर वीजा-पासपोर्ट के घूम रहा नाइजीरियन नागरिक गिरफ्तार….

जशपुर – जिले में बगैर वीजा और पासपोर्ट के अवैध रूप से घूम रहे नाइजीरियन मूल के एक नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा की गई है।

Advertisement

घटना 29 मई की रात करीब 8 बजे की है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 43 स्थित गम्हरिया के गर्ग उद्यान के पास दबिश दी। यहां एक काले रंग की स्कूटी (नंबर CG14MT7848) पर दो लोग घूमते पाए गए। पूछताछ में स्कूटी चालक ने खुद को राहुल खलखो, उम्र 21 वर्ष, निवासी खूंटीटोली, थाना दुलदुला बताया। वहीं उसके साथ मौजूद अफ्रीकन मूल के व्यक्ति ने अपना नाम गैरी पिता इकवाबोर, उम्र 46 वर्ष, निवासी बैनी सिटी, नाइजीरिया बताया।

Advertisement

जब पुलिस ने गैरी से वीजा, पासपोर्ट और अन्य पहचान से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सिटी कोतवाली लाया। पूछताछ में सामने आया कि गैरी, मुंबई में रहने वाली अपनी एक महिला मित्र के माध्यम से खूंटीटोली गांव आया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि : “जिले में किसी भी विदेशी नागरिक की उपस्थिति पर फ़ॉर्म नंबर C के माध्यम से सूचना देना जरूरी है। संबंधित परिवार ने नियमों का पालन नहीं किया, इसलिए सख्त कार्यवाही की जा रही है।”

पुलिस ने विदेशी नागरिक गैरी के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम 1946 की धारा 14 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जशपुर पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि यदि आपके क्षेत्र में कोई भी विदेशी नागरिक आता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button