पुलिस का ऑपरेशन ‘शंखनाद’ जारी: स्कॉर्पियो से 05 गौवंश बरामद, तस्कर फरार….

जशपुर। जिले में पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत जशपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ-तस्करों के चंगुल से 05 नग गौवंशों को मुक्त कराया है।
मामला थाना कुनकुरी क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG-13C-1151 में गौवंशों की तस्करी की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया। करीब 5 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तस्कर गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया, जिसमें पीछे की सीट निकालकर 05 नग गौवंशों को बेरहमी से रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। सभी गौवंशों को सकुशल बरामद कर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचा जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी राकेश कुमार यादव और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है और गौ-तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।




