मवेशियों की तस्करी करने वालें तीन आरोपी गिरफ्तार….

रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में मवेशियों की क्रूर तस्करी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 27 मई की शाम की है, जब स्थानीय युवक जतिन सारस्वत ने सूचना दी कि कुछ लोग ग्राम कलमी के रेलवे फाटक के पास मवेशियों को बेरहमी से पीटते हुए बूचड़खाने की ओर ले जा रहे हैं। जतिन अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और तीन लोगों को छह मवेशियों को डंडों से पीटते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
सूचना के आधार पर कोतरारोड़ पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए तीनों आरोपियों—मोहन राम, विंध्वेश्वर राम और सजन साय, तीनों निवासी ग्राम काडरो, थाना बागबहार, जिला जशपुर—को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपियों से करीब 30,000 रुपये मूल्य के छह मवेशी भी बरामद किए हैं। अगली सुबह तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कोतरारोड़ पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है। थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में हुई यह कार्रवाई पशु संरक्षण के लिए एक सख्त संदेश है।




