नए कानूनों पर जशपुर पुलिस की कार्यशाला, साइबर क्राइम पर भी दिया गया विशेष प्रशिक्षण

जशपुर – जिले में नए आपराधिक कानूनों को लेकर पुलिस विभाग सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में दिनांक 13 अप्रैल 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में नवीन आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य संहिता के अंतर्गत हुए बदलावों की जानकारी दी गई। साथ ही सायबर क्राइम की जाँच के संबंध में भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, एसडीओपी चंद्रशेखर परमा एवं जिला लोक अभियोजन अधिकारी विपिन शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। जिले के सभी थाना और चौकियों के विवेचकों ने इस कार्यशाला में ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया।
प्रशिक्षण में विवेचकों को केस की विवेचना के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों से बचने, साक्ष्य संकलन की सावधानियों, फोटोग्राफी-विडियोग्राफी की उपयोगिता, एवं पीड़ितों तथा गवाहों के साथ संपर्क बनाए रखने के संबंध में विशेष निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल संबंधित गंभीर अपराधों के संदर्भ में 60 दिवस में चालान पेश करने, होस्टाइल गवाहों पर 307 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही, एनडीपीएस, आबकारी व सड़क दुर्घटना मामलों में दोषमुक्ति के कारणों की समीक्षा पर भी चर्चा हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि
“नए कानूनों के तहत कार्रवाई की जा रही है, लेकिन कुछ मामलों में व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ रही हैं। इसीलिए ऐसी कार्यशालाएं भविष्य में भी आयोजित की जाएंगी, ताकि विवेचकों को नए कानूनों में दक्षता हासिल हो सके।”




