तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत, आरोपी चालक फरार

बिलासपुर – शहर के रामा मैग्नेटो मॉल के पास सोमवार सुबह एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मृतका की पहचान अंजू टंडन के रूप में हुई है, जो मुंगेली निवासी थीं और रामा मैग्नेटो मॉल में काम करती थीं। बताया जा रहा है कि अंजू टंडन सुबह अपने काम के लिए निकली थीं, तभी व्यापार विहार की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया।
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से टकरा गई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल फरार चालक की तलाश की जा रही है और कार को जब्त कर लिया गया है।




