जंगल में मिला भालू का क्षत-विक्षत शव….

(उज्ज्वल तिवारी) : पेंड्रा – मरवाही वनमंडल जंगल में एक भालू का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया है। शव मनेंद्रगढ़ और मरवाही वनमंडल की सीमा पर मिला है, जिससे शिकार की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
मरवाही वन परिक्षेत्र के उषाड़ गांव के जंगल में एक भालू का शव मिला है। शव की हालत बेहद खराब है और इसके कुछ अंग गायब भी बताए जा रहे हैं। जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि भालू का शिकार किया गया है। हालाँकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही मरवाही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मरवाही वन मंडल के एसडीओ नोहर सिंह मरकाम ने बताया कि शव लगभग 15 दिन पुराना लग रहा है, और शिकार की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
नोहर सिंह मरकाम, एसडीओ, मरवाही वन मंडल ने बताया कि :
“हमें सूचना मिली थी कि उषाड़ गांव के जंगल में भालू का शव पड़ा हुआ है। जब टीम मौके पर पहुंची, तो शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। शव काफी पुराना है और कुछ अंग भी गायब हैं। फिलहाल, पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो पाएगा। वन विभाग सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहा है।
फिलहाल, वन विभाग की टीम जांच में जुटी है और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अब सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने आ सकेगी।




