भगवान के दर्शन का झांसा देकर ठगी, दो महिलाओं से एक लाख के गहने और नकदी लेकर फरार हुए ठग

(उज्ज्वल तिवारी) : पेंड्रा जिले में ठगी का मामला सामने आया है। दो महिलाओं को भगवान के दर्शन कराने का झांसा देकर ठगों ने उनसे लाखों के गहने और नकदी लूट ली। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना जिले के मरवाही थाना क्षेत्र की है, जहां कामता होटल के पास दो महिलाएं—ललिता श्रीवास और रामेश्वरी सिंह कौशलेश—गायत्री यज्ञ के लिए रसीद काटने आई थीं। तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे बातचीत शुरू की और भगवान के दर्शन कराने के बहाने उन्हें झांसे में ले लिया।
ठगों ने महिलाओं को घर की समस्याएं दूर करने और भगवान के दर्शन कराने का लालच दिया। उसने उन्हें अपने गहने और नकदी पर्स में रखने को कहा और 51 कदम चलने को कहा। जैसे ही महिलाओं ने ऐसा किया, ठग के दो साथी बाइक पर आए और पर्स लेकर फरार हो गए।
ओम चंदेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि : यह घटना तीन महीने में दूसरी बार हुई है। आरोपियों को झारसुगुड़ा, उड़ीसा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, हम इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं और जनता से सतर्क रहने की अपील करते हैं।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस तरह की ठगी से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।




