नो एंट्री में घुसे हाईवा की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, चालक गिरफ्तार…..

रायगढ़ – चक्रधरनगर के अंबेडकर चौक पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 59 वर्षीय बोधराम पटेल की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब नो-एंट्री क्षेत्र में घुसे तेज रफ्तार हाईवा (CG 13 AR 5750) ने उनकी स्कूटी (CG 12 BA 1773) को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को इतनी तेज टक्कर मारी कि वह वाहन के नीचे फंस गई। चालक समय रहते वाहन रोक देता तो हादसा टल सकता था, लेकिन उसने स्कूटी को काफी दूर तक घसीटा, जिससे बोधराम पटेल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना प्रभारी प्रशांत राव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई दौलत पटेल की शिकायत पर हाईवा चालक मिथलेश कुमार (25), निवासी तलसबरिया, जिला गढ़वा (झारखंड) के खिलाफ अपराध क्रमांक 74/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 105 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




