रायगढ़

नए साल में ACB की कार्रवाई, SDM कार्यालय का बाबू 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

(आशीष मौर्य संपादक) : नए वर्ष 2026 की शुरुआत में ही एंटी करप्शन ब्यूरो ने छत्तीसगढ़ में पहली बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी इकाई बिलासपुर ने रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ में एसडीएम कार्यालय के बाबू अनिल कुमार चेलक को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।

Advertisement

डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम अमलीटिकरा निवासी राजू कुमार यादव ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने जमीन खरीदी थी, जिसका नामांतरण भी हो चुका था। इसके बावजूद एसडीएम कार्यालय के बाबू अनिल चेलक ने शिकायत नस्तीबद्ध करने के बदले दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। सत्यापन के दौरान आरोपी ने पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपये लेने पर सहमति दी।

Advertisement

 

तय योजना के अनुसार 2 जनवरी को शिकायतकर्ता आरोपी के शासकीय आवास पहुंचा और एक लाख रुपये रिश्वत के तौर पर दिए। रुपये हाथ में लेते ही आरोपी को शक हुआ और उसने दरवाजा बंद कर लिया। बाद में डर के कारण उसने रिश्वती रकम को अपने आवास के पीछे दीवार के पास फेंक दिया, जिसे एसीबी टीम ने बरामद कर लिया।

 

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नए वर्ष में यह छत्तीसगढ़ की पहली ट्रैप कार्रवाई मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button