अवैध संबंध के शक में फल विक्रेता पर जानलेवा हमला, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में फल विक्रेता पर हुए जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। हत्या की नीयत से चाकू मारकर फरार हुए आरोपी को रायपुर से हिरासत मे लिया गया। पुलिस जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक कलह और अवैध संबंध को लेकर उपजा विवाद सामने आया है।
घटना रविवार 7 जून की रात तिफरा बाजार चौक की है। पुलिस के मुताबिक मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास खड़ा था, तभी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से पकड़कर उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ संबंध था। इसी बात को लेकर आरोपी लंबे समय से नाराज था और उसने बदला लेने की योजना बनाई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हमला पूरी तरह पूर्व नियोजित था। आरोपी चाकू लेकर मौके पर पहुंचा था और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस रायपुर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।




