नेलसनार में आयोजित होगा हपका परिवार का अंतर्राज्यीय मिलन समारोह

बीजापुर जिले के नेलसनार में हपका परिवार का अंतर्राज्यीय मिलन समारोह आयोजित होने जा रहा है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से हपका परिवार के लोग शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाना है।
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम नेलसनार में हपका परिवार का अंतर्राज्यीय मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन 7 और 8 फरवरी को आयोजित होगा, जिसमें छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से हपका परिवार के लोग शामिल होंगे।
इस सम्मेलन का आयोजन लक्ष्मण हपका के नेतृत्व में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पूजा-अर्चना, अतिथियों का सम्मान, विचार गोष्ठी और पारंपरिक नृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस मिलन समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे को मजबूत करना, युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना और सामाजिक विकास को बढ़ावा देना है।आयोजन को लेकर गांव में तैयारियां जोरों पर हैं और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है।




