
बिलासपुर के मुंगेली नाका स्थित एकमात्र खेल मैदान को बचाने के लिए स्थानीय नागरिकों और क्रिकेट क्लब ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया है। खेल मैदान, जो कि कुदुदण्ड, मंगला, उस्लापुर, नेहरू नगर और 27 खोली जैसे क्षेत्रों के युवाओं के लिए खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, अब अतिक्रमण की चपेट में आता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर निगम द्वारा इस मैदान में गुमठी ठेला लगाने और इसे व्यवसायिक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

खिलाड़ियों और मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस मैदान में वर्षों से क्रिकेट प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे दुर्गा पूजा और रावण दहन जैसे आयोजन होते आए हैं। ऐसे में मैदान को चौपाटी के रूप में विकसित करना न केवल खेल संस्कृति के लिए नुकसानदायक होगा बल्कि सामाजिक आयोजनों पर भी असर डालेगा।
मुंगेली नाका क्रिकेट क्लब और समस्त मोहल्लेवासियों ने इस मुद्दे पर विधायक अमर अग्रवाल से हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि इस खेल मैदान की मौलिकता और सामाजिक उपयोगिता बनी रहे।




