छत्तीसगढ़ में कुछ दिन और बरसेंगे बादल, इन इलाकों में बारिश की संभावना….

छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से यानी बस्तर संभाग में अगले दो दिन तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से अगले दो से तीन दिनों में मानसून की वापसी शुरू हो सकती है।मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर में शनिवार दोपहर अचानक मौसम बदला और तेज बारिश हुई, जबकि अंतागढ़ में सबसे ज्यादा 90 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।राजधानी रायपुर में अब हल्की ठंड का एहसास होने लगा है, और रविवार को भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
अधिकतम तापमान जगदलपुर में 32.01 डिग्री सेल्सियस, और न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, रविवार के लिए किसी भी जिले में अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
इस साल अक्टूबर में अब तक सामान्य से 109 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। जहां आमतौर पर 8 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 28.3 मिमी वर्षा होती है और मानसून लौट चुका होता है, वहीं इस बार अब तक 59.1 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है।
मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मानसून की वापसी करीब 10 दिन देरी से होगी। आमतौर पर 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा क्षेत्र से मानसून की विदाई शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार यह प्रक्रिया धीमी और विलंबित है.




